मीडिया से बातचीत करते राजस्थान के CM अशोक गहलोत |
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर बड़ा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा- नॉर्थ ब्लॉक में अमित शाह के कार्यालय में बैठकर राजस्थान सरकार को गिराने की साजिश रची गई। अमित शाह इसमें विफल हो गए।
साजिश में शामिल मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तो राजस्थान से ही हैं। टेप पर उनकी आवाज सुनी गई। गजेंद्र सिंह शेखावत आवाज का सेंपल दें तो उनकी पूरी पोल सामने आ जाएगी। गहलोत ने शेखावत पर इन्वेस्टर्स के पैसे गबन करने वाली क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी से संबंध होने का आरोप लगाया।
सीएम अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर बोला बड़ा हमला‚ देखिए क्या कहा
जनता से लूटा हुआ धन वापसी का उपाय बताएं ये लोग
गहलोत बोले- वह किस रूप में नेता और केंद्रीय मंत्री बने। बाड़मेर-जैसलमेर तक पश्चिमी राजस्थान के लोग रो रहे हैं। आदर्श सोसायटी, नवजीवन सोसायटी की तरह तीसरी संजीवनी सोसायटी के चार लोग जेल की हवा खा रहे हैं। अगर उनमें ईमानदारी है तो बताइये जनता से लूटे गए पैसे को वापिस देने की क्या तरकीब है। ऐसे लोग तो केंद्र में मंत्री बने बैठे हैं।
बीजेपी विधायकों को पोरबंदर ले जाने के लिए दो विमान भेजे गए, एक खाली ही गया
अमित शाह के 2023 तक सरकार नहीं गिराने के सवाल पर गहलोत ने कहा- क्या सरकार गिराना उनके हाथ में है? उन्होंने कोशिश की और देखा और वे विफल रहे। उनकी कैसी दुर्गति हुई वे खुद जानते हैं। उनके अपने विधायक सहयोग करने को तैयार नहीं थे।
उस वक्त राजस्थान से बीजेपी विधायकों को पोरबंदर ले जाने के लिए दो विमान भेजे गए थे। एक विमान बमुश्किल गया, दूसरा खाली ही गया। इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या बात हो सकती है? बीजेपी के विधायक पर शक किया जाने लगा कि कांग्रेस के विधायक न टूटे लेकिन कहीं हमारे अपने विधायक नहीं चले जाएं।
जनता ने समर्थन किया तो राजस्थान में माहौल ऐसा हो गया कि कोई भी उनका साथ देने को तैयार नहीं था। भले ही वह अपनी पार्टी के विधायक हों। यह हमारी बड़ी जीत थी।
CM अशोक गहलोत देखिए क्या बोले
बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही थी, राजस्थान की जनता और विधायकों ने साजिश नाकाम कर दी
गहलोत ने कहा- धर्मेंद्र प्रधान के घर में सरकार गिराने की साजिश रची गई। उनके अन्य साथी नेतागण साथ ही थे, जिन्होंने इसकी सारी व्यवस्था की थी। उनका खेल उजागर हो गया हैं। राजस्थान के लोगों के लिए सरकार का बचना राहत की खबर है।
पूरे देश में चर्चा हो रही है कि राजस्थान में बीजेपी द्वारा सरकार गिराने का संकट विफल हो गया। राजस्थान ने जो इतिहास रचा है वह लोकतंत्र को बचाने में काम आएगा। ये लोग लोकतंत्र की हत्या कर रहे थे।
राजस्थान की जनता और विधायकों ने एनडीए सरकार की साजिश को नाकाम कर दिया। साजिश में शामिल एक मंत्री राजस्थान का भी था। उन्होंने दिल्ली में ओएसडी लोकेश शर्मा पर मुकदमा दायर कर दिया।
Rajasthan CM Ashok Gehlot Attacks | Rajasthan CM Ashok Gehlot Attacks On Amit Shah And Minister Gajendra Singh Shekhawat | Rajasthan Political Crisis | Rajasthan Pradesh Congress Committee |