Mukesh Ambani Risk: देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने कहा है कि रिलायंस जियो को लॉन्च करना उनके जीवन का सबसे बड़ा जोखिम था। उन्होंने यह बात 25 जून को मैकिन्से एंड कंपनी को दिए एक विशेष इंटरव्यू में कही। उन्होंने बताया कि उस समय वह खुद सबसे बड़े शेयरहोल्डर थे और पूरा निवेश निजी रूप से किया गया था। कई विश्लेषकों को संदेह था कि भारत इतनी उन्नत डिजिटल तकनीक के लिए तैयार नहीं है।
नाकामयाबी से नहीं था डर
अंबानी ने बताया कि उन्होंने बोर्ड को स्पष्ट किया था – यदि जियो को उम्मीद के मुताबिक रिटर्न नहीं मिलता, तो भी यह भारत के लिए एक बेहतरीन परोपकार होगा। यह देश को डिजिटल रूप से सक्षम बनाएगा और एक नई क्रांति लाएगा। उन्होंने कहा कि यह उनका अपना पैसा था और नुकसान की स्थिति में भी वह संतुष्ट रहते, क्योंकि उद्देश्य भारत को बदलना था।
बड़े स्तर पर काम करना जरूरी है
उनके अनुसार, यदि बदलाव लाना है, तो सोच और काम दोनों बड़े स्तर पर होने चाहिए। उन्होंने माना कि इस मिशन से न केवल बिजनेस बल्कि सामाजिक रूपांतरण का उद्देश्य भी जुड़ा था।
पिता से मिली संस्था की सोच
मुकेश अंबानी ने भावुक होकर बताया कि उनके पिता धीरूभाई अंबानी ने उन्हें सिखाया था – इंसान इस दुनिया में खाली हाथ आता है और खाली हाथ जाता है। पीछे जो रह जाता है, वह एक संस्था होती है। उनके अनुसार, रिलायंस केवल एक कंपनी नहीं, बल्कि एक प्रक्रिया है जो पीढ़ियों तक चलनी चाहिए।
रिलायंस को बनाए रखने की जिम्मेदारी
उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता ने यह जिम्मेदारी उन्हें दी थी कि रिलायंस को ऐसी संस्था बनाएं जो उनके और उनके पिता के बाद भी बनी रहे। इसी सोच के साथ जियो की योजना बनाई गई – एक ऐसी डिजिटल संस्था जो देश की रीढ़ बने।
Jio को देखा परोपकार के रूप में
अंबानी ने कहा कि जियो को उन्होंने एक व्यवसाय के बजाय परोपकार की तरह देखा। उनके अनुसार, जियो ने भारत को न केवल जोड़ा बल्कि सशक्त भी किया। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए रास्ते खुले।
Jio की सफलता और डिजिटल बदलाव
हालांकि इंटरव्यू में उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि जियो को फिर से लॉन्च किया जाएगा, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि इससे भारत में एक नया डिजिटल युग शुरू हुआ था। जियो ने इंटरनेट की पहुंच को गांव-गांव तक पहुंचाया और भारत को डेटा की दुनिया में अग्रणी बना दिया।
संस्था बनाना सबसे बड़ी विरासत
उन्होंने अंत में कहा कि किसी इंसान की सबसे बड़ी विरासत उसकी बनाई गई संस्था होती है। उनका सपना है कि रिलायंस और जियो जैसे उपक्रम भारत के भविष्य को दिशा दें, और यह सपना उन्होंने अपने पिता से पाया है।
रिलायंस को 100 साल तक बनाकर रखना है
मुकेश अंबानी ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से वादा किया था कि रिलायंस हमेशा आगे बढ़ेगी और कभी रुकेगी नहीं। वर्ष 2027 में कंपनी अपनी Golden Jubilee मनाने जा रही है, लेकिन उनका सपना इससे कहीं आगे का है। वे चाहते हैं कि Reliance आने वाले सौ वर्षों तक न केवल भारत, बल्कि पूरी मानवता की सेवा करती रहे। उन्हें विश्वास है कि यह सपना साकार होगा।
बिजनेस स्कूल के सिद्धांतों को दी चुनौती
अंबानी ने बेबाकी से बताया कि उन्होंने और उनकी टीम ने traditional business schools में पढ़ाए जाने वाले कई सिद्धांतों को तोड़ा। खासतौर पर वैल्यू चेन (Value Chain) को पूरी तरह integrate करना – जिसे आमतौर पर avoid करने की सलाह दी जाती है – उसे अपनाया और उसे सफलतापूर्वक लागू किया। उनके अनुसार, जब आप भविष्य की disruptive technologies की तरफ बढ़ते हैं, तो कई मौके वर्तमान से कहीं बड़े हो सकते हैं। ऐसे अवसरों को छोड़ना उनके लिए विकल्प नहीं है।
रिस्क मैनेजमेंट का सटीक सिद्धांत
मुकेश अंबानी ने बताया कि उनका Risk Management का सिद्धांत सरल लेकिन प्रभावी है – “सबसे पहले सोचो कि सबसे बुरा क्या हो सकता है, और फिर खुद को उसे सहने के लिए तैयार करो।” यही उनकी रणनीति रही है जिससे वह बड़े निर्णयों में भी confident रहते हैं।
कर्मचारियों से आंख मिलाना जरूरी है
उन्होंने रिलायंस की लीडरशिप संस्कृति पर बात करते हुए बताया कि 30-40 साल पहले ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें हर कर्मचारी की आंखों में देख कर बात करने में संकोच नहीं होना चाहिए। आज भी Reliance में लीडर्स को यही सिखाया जाता है कि आप तब तक सही हैं जब तक आप अपनी टीम की आंखों में आत्मविश्वास से देख सकें।
सिद्धांत हैं रिलायंस की असली पहचान
अंबानी ने रिलायंस की institutional culture को रेखांकित करते हुए कहा कि कंपनी के टॉप 100 लीडर्स तक एक साझा संदेश जाता है – “ये हमारे सिद्धांत हैं और हम वही करेंगे जो सही है।” उन्होंने कहा कि रिलायंस की संस्कृति ऐसी होनी चाहिए जिसमें हर व्यक्ति एक-दूसरे की आंखों में देखकर यह कह सके कि उन्हें अपने कार्य पर शर्मिंदगी नहीं, बल्कि गर्व है।
ये भी पढ़ें :
अब दुनिया में सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में Mukesh Ambani का नाम चौथे नंबर पर
Like and follow us on :
|Telegram | Facebook | Instagram | Twitter | Pinterest | Linkedin